गाजीपुर। सादात स्थानीय नगर में सोमवार की देर शाम पारंपरिक एवं भव्य भरत मिलाप कार्यक्रम का मंचन किया गया। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के 14 वर्ष का वनवास पूरा कर अयोध्या लौटने और अनुज भरत से गले मिलने के भावुक दृश्य को स्थानीय कलाकारों ने जीवंत किया। इस मर्मस्पर्शी चारों भाइयों के मिलन को देखकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो गए। कार्यक्रम की शुरुआत रामलीला मैदान से हुई, जहां से भगवान की भव्य झांकी निकाली गई। डीजे पर बज रहे भक्तिगीतों और ‘जय श्री राम’ के गगनभेदी जयकारों के बीच झांकी जैसे ही मुख्य मार्गों से गुजरी, पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर और पुष्प वर्षा कर प्रभु श्रीराम का स्वागत किया। यह झांकी मध्य बाजार पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ भरत मिलाप का कार्यक्रम संपन्न हुआ।झांकी और मंचन में स्थानीय कलाकारों ने शानदार अभिनय किया। श्रीराम की भूमिका में विशाल प्रजापति, लक्ष्मण के रूप में कृष्णा कुशवाहा, माता सीता के रूप में आकाश कुशवाहा, भरत के रूप में शिवम प्रजापति और शत्रुघ्न के रूप में अमित प्रजापति ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। वहीं, विवेक बरनवाल ने संकटमोचन हनुमान की भूमिका निभाई। यह पावन प्रसंग समाज को भाई-भाई के अटूट प्रेम, त्याग, एकता और उच्च मर्यादाओं का कालजयी संदेश देता है। इस सफल आयोजन में रामलीला समिति के श्रवण कुशवाहा, विवेक जायसवाल, काशी कुशवाहा, कल्पनाथ कश्यप, अमन, मनोज, संदीप और दीपेश समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष तारावती देवी के निर्देशन में महिला और पुरुष कांस्टेबल पूरे मार्ग पर मुस्तैद नजर आए।


