सैदपुर के बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर सादात के पूर्व चेयरमैन के परिवार ने दिया अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य

गाजीपुर। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ का पहला अर्घ्य अस्ताचलगामी सूर्य को रविवार की शाम दिया गया। इस कड़ी में सादात नगर के विभिन्न तालाबों पर जहां व्रतियों की भारी भीड़ थी, वहीं सैदपुर नगर के ऐतिहासिक बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस पावन अवसर पर सादात नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शिवानन्द सिंह ‘मुन्ना’ के परिवार ने भी विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। शाम होते ही पूर्व चेयरमैन का परिवार बूढ़ेनाथ महादेव घाट पहुंचा। घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे भक्तिभाव के बीच व्रती महिलाओं ने कमर भर पानी में खड़े होकर डूबते हुए सूर्य देव को दूध और जल से अर्घ्य दिया। इस दौरान परिवार के सभी सदस्यों ने छठी मइया से क्षेत्र की सुख- समृद्धि , शांति और खुशहाली की कामना की। घाट पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भी पूर्व चेयरमैन शिवानन्द सिंह मुन्ना व उनके परिवार का अभिवादन किया। व्रत कर रही श्रीमती मधु सिंह एवं सोनी सिंह ने बताया कि लोक आस्था का महापर्व छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि कठोर अनुशासन, शारीरिक एवं मानसिक शुद्धता और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का अनूठा प्रतीक है। इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें न केवल व्रत रखने वाले श्रद्धालु, बल्कि पूरा परिवार और समाज मिलजुल कर नियमों, स्वच्छता और सात्विकता का पूरी निष्ठा से पालन करता है। लगभग 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास, अदम्य आत्मबल और मानसिक संयम का अद्भुत उदाहरण है। उधर छठ पर्व को लेकर पूरे बूढ़ेनाथ घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां सुरक्षा और प्रकाश की भी समुचित व्यवस्था देखने को मिली। सोमवार की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही इस चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version