अलीपुर मंड़रा। डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटर कॉलेज, अलीपुर मंड़रा में शिक्षाविदों व जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी सहभागिता डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटर कॉलेज, अलीपुर मंड़रा के प्रांगण में मंगलवार को संस्था के आजीवन प्रबंधक रहे स्वर्गीय साबिर अली जी की जन्म जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय साबिर अली जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं नमन कर किया गया। इस दौरान पूरा परिसर श्रद्धा, सम्मान और स्मृतियों से ओतप्रोत दिखाई दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के वर्तमान प्रबंधक आमिर अली ने अपने पिता के जीवन और योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि स्वर्गीय साबिर अली जी केवल एक कुशल प्रबंधक ही नहीं, बल्कि संस्था के मार्गदर्शक, संरक्षक और नैतिक मूल्यों के सशक्त प्रतीक थे। उन्होंने ईमानदारी, पारदर्शिता और सादगी को अपने जीवन का आधार बनाया। कर्मचारियों और शिक्षकों के प्रति उनका व्यवहार सदैव हयोगात्मक रहा तथा उन्होंने सभी को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उनकी सोच और कार्यशैली आज भी संस्था के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उनके पुत्र आरिफ अली उर्फ दानिश ने भावुक स्वर में कहा कि उनके पिता का मानना था कि पद और प्रतिष्ठा से अधिक महत्व इंसान के चरित्र का होता है। वे शिक्षा को समाज के उत्थान और परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम मानते थे। उनका आदर्श जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए पथप्रदर्शक है।
इस अवसर पर क्षेत्र के शिक्षाविदों, समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं राजनीतिक प्रतिनिधियों ने स्वर्गीय साबिर अली जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में हैदर अली, राममूरत लेखपाल, रामचंद्र यादव, इरफान अजीज खान, निहाल अहमद, पूर्व विधायक जखनिया त्रिवेणी राम, विधानसभा अध्यक्ष राजू यादव, रंगीला यादव, अर्ष पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अनिल यादव, ब्लॉक अध्यक्ष वजीर भारती, देवनारायण सिंह, इंद्रजीत सिंह, जमुना यादव, सर्वेश पांडेय, पूर्व ब्लॉक प्रमुख गरीब राम, अनुज सिंह, दिनेश यादव, प्रधान सोनू सिंह, वरिष्ठ पत्रकार कमलेश यादव, वरिष्ठ पत्रकार रमेश सोनी, संतोष यादव, अखिलेश यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र, समाजसेवी एवं विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक आमिर अली ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग और उपस्थिति को संस्था के लिए गौरवपूर्ण बताया।



