
गाजीपुर । अति प्राचीन रामलीला कमेटी हरिशंकरी के तत्वावधान में पारंपरिक रामलीला का मंचन आज दिन शनिवार, एकादशी 17 सितंबर से हरिशंकरी मोहल्ले में सांयकाल 7.30 बजे से विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हो गई, इस अवसर पर गाजीपुर सदर सीट से सपा विधायक जै किशुन साहू ने ऐतिहासिक राम चबूतरे पर आयोजित धनुष मुकुट पूजन समारोह में पूरे वैदिक रिवाजों के साथ शंख बजा कर अतिप्राचीन राम सिंहासन पर धनुष मुकुट पूजन कर रामलीला मंचन की शुरुआत की। कमेटी के मंत्री ओमप्रकाश तिवारी ने बताया गाजीपुर की यह रामलीला 400 सालों से भी ज्यादा पुरानी और अतिप्राचीन है, यह चलायमान रामलीला है, जिसके विभिन्न प्रसंग शहर के अलग-अलग चिन्हित स्थानों पर मंचित होते हैं। रामलीला मंचन का आयोजन 20 दिनों तक चलेगा, जिसमें नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पारंपरिक रूप से रामलीला का मंचन किया जाएगा। आगामी 2 अक्टूबर को लंका मैदान में रावण पुतले का दहन होगा और 11 अक्टूबर को हरिशंकरी के ऐतिहासिक चबूतरे पर रामराज्याभिषेक के साथ समापन होगा। पूजन के बाद गाजीपुर सदर विधायक जै किशुन साहू ने कहा कि आज वह विधायक हैं तो रामलीला मंचन की ही देन है। उन्होंने बताया कि वह बचपन से रामलीला मंचन से जुड़े रहे हैं और यहां का इतिहास बहुत पुराना है, जो मुगलों के जमाने से होती आ रही है। आज हमने इसका उद्घाटन और पूजन किया मुझे इसकी बहुत खुशी है, इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से कहा कि बचपन से ही वो रामलीला मंचन के कार्यों से जुड़े रहे हैं और अपने गांव की रामलीला में वे कई पात्र का रोल भी कर चुके हैं और उन्हें ये बहुत अच्छा लगता है ।



