गाजीपुर। लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड के बाद शासन के निर्देश पर गाजीपुर प्रशासन ने फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को फायर सर्विस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी को 15 दिनों के लिए सील कर दिया।मुख्य अग्निशमन अधिकारी की विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान कई संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम नहीं पाए गए। विशेष रूप से उन कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी को सील किया गया, जो बेसमेंट में संचालित हो रहे थे तथा जहां अग्निशमन वाहनों के पहुंचने का पर्याप्त मार्ग उपलब्ध नहीं था। इसके अलावा अन्य अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील संस्थानों पर भी कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में फायर सेफ्टी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

