361 महाविद्यालयों वाले गाजीपुर को मिले अपनी विश्वविद्यालय की पहचान, डॉ. शिव प्रताप यादव ने उठाई मांग

गाजीपुर। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखने वाले गाजीपुर जनपद में स्वतंत्र राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग तेज होने लगी है। पीजी कॉलेज मलिकपुरा के असिस्टेंट प्रोफेसर, चीफ प्रॉक्टर एवं संयोजक (छात्र कल्याण) डॉ. शिव प्रताप यादव ने जिले में स्वतंत्र विश्वविद्यालय स्थापित करने की मांग उठाते हुए कहा कि 361 महाविद्यालयों वाले गाजीपुर को अब अपनी विश्वविद्यालयीय पहचान मिलनी चाहिए। यह केवल शैक्षणिक जरूरत नहीं, बल्कि जिले के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार गाजीपुर की आबादी 36 लाख 20 हजार 268 थी। लगभग 3377 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल और 16 विकास खंडों में विस्तृत इस जनपद में उच्च शिक्षा का मजबूत आधार मौजूद है। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की वेबसाइट पर 25 जुलाई 2025 को उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार गाजीपुर के 361 महाविद्यालय उससे संबद्ध थे। इनमें तीन राजकीय, आठ अनुदानित और 350 स्ववित्तपोषित महाविद्यालय शामिल हैं।उन्होंने कहा कि जब जिले में इतनी बड़ी संख्या में महाविद्यालय संचालित हो रहे हैं, तब स्वतंत्र विश्वविद्यालय की स्थापना की आवश्यकता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। इससे महाविद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा, मूल्यांकन, शोध, पाठ्यक्रम विकास और शिक्षा की गुणवत्ता को स्थानीय स्तर पर बेहतर ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।डॉ. यादव ने कहा कि वर्तमान में गाजीपुर के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, शोध और बेहतर शैक्षणिक अवसरों के लिए वाराणसी, प्रयागराज, लखनऊ और जौनपुर जैसे शहरों की ओर रुख करना पड़ता है। इससे विशेषकर ग्रामीण और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। जिले में विश्वविद्यालय की स्थापना होने से विद्यार्थियों को घर के नजदीक उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। छात्राओं को भी आगे की पढ़ाई जारी रखने में सहूलियत होगी।उन्होंने कहा कि स्वतंत्र विश्वविद्यालय की स्थापना से गाजीपुर में कृषि विज्ञान, ग्रामीण विकास, पर्यावरण, विज्ञान, तकनीकी शिक्षा, वाणिज्य, प्रबंधन और कौशल विकास जैसे विषयों में नए पाठ्यक्रम शुरू किए जा सकते हैं। कृषि प्रधान जनपद होने के कारण कृषि अनुसंधान, मृदा संरक्षण, सिंचाई और खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित शोध केंद्रों की स्थापना भी जिले के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।डॉ. यादव के अनुसार विश्वविद्यालय बनने से शिक्षकों, शोधकर्ताओं, तकनीकी विशेषज्ञों और गैर शिक्षण कर्मचारियों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही आसपास के क्षेत्रों में आवास, परिवहन, पुस्तकालय और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। सबसे महत्वपूर्ण यह होगा कि जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी प्रतिभा का उपयोग स्थानीय स्तर पर करने का अवसर मिलेगा।उन्होंने प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री से मांग की कि गाजीपुर में स्वतंत्र राजकीय विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए जल्द व्यवहार्यता अध्ययन कराया जाए। इसके लिए उपयुक्त सरकारी भूमि चिह्नित कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाए और अलग बजट के साथ समयबद्ध कार्ययोजना घोषित की जाए।उन्होंने जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, महाविद्यालय प्रबंधकों, शिक्षकों, छात्र संगठनों, अभिभावकों और प्रबुद्ध नागरिकों से इस मांग को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सामूहिक जनहित का विषय बनाने की अपील की। डॉ. यादव ने कहा कि गाजीपुर को विश्वविद्यालय की मांग किसी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के लिए नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य, शिक्षा की गुणवत्ता और आने वाली पीढ़ियों के अधिकार के लिए करनी चाहिए। 361 महाविद्यालयों वाला जनपद अपनी स्वतंत्र विश्वविद्यालयीय पहचान का हकदार है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version