गाजीपुर। जनपद गाजीपुर में आज 73वीं जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद द्वारा क्रीड़ांगन में मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं प्रतियोगिता का ध्वजारोहण कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का स्वागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्रीमती उपासना रानी वर्मा एवं शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा बुके एवं स्मृति चिह्न भेंटकर किया गया। विकास खंड मनिहारी की बालिकाओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि द्वारा उपस्थित समस्त प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं अधिकारियों को खेल भावना की शपथ दिलाई गई। विभिन्न विकास खंडों द्वारा मार्च पास्ट किया गया, जिसकी सलामी जिलाधिकारी महोदया द्वारा ली गई। दो दिवसीय प्रतियोगिता के प्रथम दिवस 600 एवं 400 मीटर दौड़, गोला फेंक, लंबी एवं ऊंची कूद, खो-खो, डिस्कस तथा वॉलीबॉल आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन प्राथमिक एवं जूनियर स्तर के बालक एवं बालिका वर्ग में किया गया। प्रथम दिवस की प्रतियोगिताओं में 600 मीटर दौड़ में विकास खंड देवकली के बालक वर्ग में आकाश एवं बालिका वर्ग में अनन्या कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में विकास खंड कासिमाबाद के बालक वर्ग में प्रतीक एवं बालिका वर्ग में विकास खंड सदर की अंजू यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी बच्चों ने उत्साह, ऊर्जा एवं खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विकास खंड देवकली ने ओवरऑल चौंपियन बनकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। विकास खंड करंडा एवं मरदह ने क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए बेसिक शिक्षा की पूरी टीम को आयोजन के लिए बधाई दी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए अपने उद्बोधन में बच्चों से अनुशासित होकर प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन करने की अपेक्षा की तथा गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी मंडल विजेता बनने के साथ प्रदेश विजेता बनने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षक संगठनों, शिक्षकों एवं निर्णायक मंडल के सदस्यों का आभार ज्ञापित किया गया। समारोह में समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, प्राथमिक शिक्षक संघ, जूनियर हाई स्कूल संघ, विशिष्ट बीटीसी शिक्षक संघ एवं राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दुर्गेश प्रताप सिंह एवं भगवती प्रसाद तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।


