गाजीपुर। सनातन धर्म के प्रमुख धर्माचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती 1008 महाराज जी अपनी 81 दिवसीय “गविष्टि (गौ-रक्षार्थ– धर्मयुद्ध) यात्रा” के अंतर्गत 9 मई 2026 को गाजीपुर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर पूरे जनपद में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल है। महाराज जी का आगमन लंका मैदान में होगा, जहां से वे विभिन्न गांवों और क्षेत्रों का भ्रमण कर सीधे आमजन, संतजनों और गौ-भक्तों से संवाद करेंगे। यह यात्रा किसी राजनीतिक मंच तक सीमित न होकर सनातन धर्म के प्रचार- प्रसार, गौ-रक्षा के प्रति जागरूकता और भारतीय संस्कृति के संरक्षण को समर्पित एक व्यापक जन-जागरण अभियान है। जिला प्रभारी हर्ष मिश्रा ने बताया कि पूज्य शंकराचार्य का उद्देश्य गौ-माता को “राष्ट्र माता” का सम्मान दिलाना और समाज में धर्म, करुणा व सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यात्रा के दौरान वे श्रद्धालुओं को गौ-सेवा, धर्म रक्षा और सनातन परंपराओं के महत्व का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि गाजीपुर की पावन धरती पर शंकराचार्य जी का आगमन जनपदवासियों के लिए एक दुर्लभ अवसर है। उनके दर्शन और आशीर्वाद से लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा और नई दिशा मिलेगी। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं, युवाओं, मातृशक्ति और धर्म प्रेमियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस जन-जागरण कार्यक्रम का हिस्सा बनें और गौ-रक्षा व सनातन संस्कृति के संरक्षण के इस अभियान को सफल बना।



