एडीएम की अपील- बिजली बचाएं, अनावश्यक खर्च से बचें

गाजीपुर। कलक्ट्रेट स्थित एडीएम कार्यालय में जिला प्रशासन और बिजली विभाग की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें अधिकारियों ने जनपद की विद्युत व्यवस्था, बढ़ते लोड और बिजली सप्लाई को लेकर जानकारी साझा की। प्रेस वार्ता के दौरान अधिकारियों ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है। पहले जहां जनपद का लोड करीब 340 एमवीए रहता था, वहीं अब यह बढ़कर 395 एमवीए से अधिक पहुंच गया है, जो शाम और रात में बहुत ज्यादा हो जाता है। वहीं प्रदेश स्तर पर भी बिजली का लोड 20 हजार एमवीए के ऊपर हो जा रहा है, जिससे कई बार पावर ट्रिप जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं। बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अत्यधिक गर्मी और तापमान बढ़ने से लोकल फॉल्ट देखने में आ रही है, जिसका निदान भी तत्काल किया जा रहा है, अधिकारियों ने बताया कि सरकार की ओर से पर्याप्त बिजली उत्पादन और निर्बाध विद्युत सप्लाई लगातार की जा रही हैं और ओवरहीटिंग से बचाव के लिए जिले के बड़े ट्रांसफॉर्मरों पर पानी के स्प्रिंकलर लगाए गए हैं तथा कई स्थानों पर कूलर की व्यवस्था भी की गई है, ताकि विद्युत व्यवस्था सुचारू बनी रहे। गाजीपुर बिजली विभाग के एसी ई० विवेक खन्ना ने बताया कि विभाग पूरी क्षमता के साथ काम कर रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे, तहसील क्षेत्रों में साढ़े 22 घंटे और नगरीय क्षेत्र में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ते लोड के बावजूद सप्लाई व्यवस्था को संतुलित बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। गाजीपुर के एडीएम वेद सिंह चौहान ने भी जनता से बिजली बचाने की अपील करते हुए कहा कि जिस तरह लोग पेट्रोल और डीजल बचा रहे हैं, उसी तरह बिजली की बचत करना भी राष्ट्रभक्ति है। उन्होंने विशेष रूप से एसी उपभोक्ताओं से अपील की कि एसी को 24 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान पर न चलाएं, इससे ट्रांसफॉर्मरों पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा और सभी को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों से जनपद में शासन के द्वारा तय दिशा निर्देश के क्रम में निर्बाध बिजली सप्लाई देने की बात कही। प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने बार-बार बिजली कटौती, लोकल फॉल्ट और लंबे समय तक सप्लाई बाधित रहने की शिकायतें भी अधिकारियों के सामने रखीं। अधिकारियों ने इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान कराने का आश्वासन दिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version