बड़ागांव से कक्षा सात का छात्र लापता, पुलिस जांच में जुटी

गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के बड़ागांव से कक्षा सातवीं का 13 वर्षीय छात्र ब्रिसेन यादव बीते तीन दिन से लापता है। काफी खोजबीन के बाद भी सुराग न मिलने पर छात्र के नाना पारसनाथ यादव ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर थाना अंतर्गत बहलोलपुर निवासी संतोष यादव का पुत्र ब्रिसेन यादव बड़ागांव स्थित अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करता है। वह मिर्जापुर के एक कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा सात का छात्र है। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब सात बजे वह रोज की तरह साइकिल से स्कूल के लिए निकला था, लेकिन दोपहर बाद तक घर नहीं लौटा।

जांच में सामने आया कि ब्रिसेन ने मखदुमपुर में अपनी साइकिल एहसान अंसारी को बेच दी थी। इसके बाद वह साहिल सिद्दीकी की दुकान पर कुछ देर बैठा रहा। बताया गया कि उसने साहिल के मोबाइल से मिर्जापुर निवासी अपने मित्र रुद्रांश पाण्डेय से बात भी की। बाद में वह पैदल नहर की ओर जाता देखा गया। पुलिस के अनुसार, संबंधित वीडियो फुटेज उपलब्ध है।

थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और हर पहलू पर जांच की जा रही है। पुलिस कई लोगों से पूछताछ कर रही है। उधर, छात्र की मां ममता यादव सहित परिजन किसी अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version