गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के मखदुमपुर-खिदिरगंज मार्ग पर तिराहे के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक युवक को तमंचा सटाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार मखदुमपुर निवासी आशिक अंसारी उर्फ बरकत आलम कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और तमंचा सटाकर उनकी सोने की चेन तथा गाड़ी की चाबी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश आजमगढ़ की तरफ फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

