एक ही गांव के युवक-युवती के शव पेड़ से लटके मिलने से इलाके में हड़कंप

गाजीपुर। शादियाबाद थाना क्षेत्र में एक ही गांव के युवक और युवती के शव संदिग्ध परिस्थितियों में गांव के बाहर बाबूल के पेड़ से लटके मिले। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और परिवार के विरोध से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। आखिर यह इश्क का दर्दनाक अंजाम है या किसी साजिश का हिस्सा। दरअसल गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र के आराजी कुकड़ा गांव में सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गांव के सिवान में एक बाबूल के पेड़ पर युवक और युवती के शव लटके मिले। घटना की खबर मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक युवक और युवती एक ही गांव के रहने वाले और स्वजातीय बताए जा रहे हैं।ग्रामीणों के बीच लंबे समय से दोनों के प्रेम संबंधों की चर्चा थी। बताया जा रहा है कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिजन इसके खिलाफ थे। इसको लेकर पहले गांव में पंचायत भी हो चुकी थी। युवक कुछ समय पहले रोज़गार के लिए बाहर गया था और चार-पांच दिन पहले ही गांव लौटा था। इस दौरान एसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार के विरोध के कारण आत्महत्या की आशंका है।हालांकि पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और वजह है। फिलहाल पुलिस साक्ष्य जुटाने के साथ सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version