गाजीपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के आलम पट्टी बाजार में मंगलसूत्र स्नेचिंग का मामला सामने आया है, जहां एक बुर्कानशीन महिला द्वारा चोरी की कोशिश को पीड़ित महिला की सतर्कता ने नाकाम कर दिया। जानकारी के अनुसार, बाजार में खरीदारी करने गई एक विवाहित महिला के पास भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी महिला सटकर खड़ी हो गई और उसके मंगलसूत्र को काटने का प्रयास किया। पीड़ित महिला ने बताया कि मंगलसूत्र कटकर गिर गया, जिसे उसने तुरंत उठा लिया, लेकिन आरोपी महिला दोबारा कोशिश करने लगी। इस पर पीड़िता ने शोर मचाया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और आरोपी महिला को पकड़ लिया गया। सूचना पर महिला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। घटना के बाद बाजार में काफी देर तक भीड़ लगी रही और आरोपी महिला लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। पीड़ित महिला की सूझबूझ और सतर्कता से न सिर्फ उसका मंगलसूत्र सुरक्षित बच गया, बल्कि आरोपी भी पकड़ ली गई, जिसकी इलाके में खूब चर्चा हो रही है।

