गाजीपुर। सैदपुर क्षेत्र के मुरादचक गांव में आत्महत्या करने वाले सुरेंद्र कश्यप के परिवार को मुख्यमंत्री के निर्देश पर ₹2 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। गुरुवार को विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह उर्फ चंचल सिंह ने मृतक की पत्नी ज्ञानती देवी को सहायता राशि का चेक सौंपा।एमएलसी विशाल सिंह ने सुरेंद्र कश्यप के आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने मृतक के पुत्र शुभम, सूरज और पुत्रियों से भी बातचीत की तथा उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने आश्वासन दिया कि बच्चों की शिक्षा, रोजगार और भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कठिन समय में मिली यह सहायता उनके लिए बड़ा सहारा साबित होगी।

