गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के वीरपुर में पोस्टमार्टम के बाद जिला मुख्यालय से मृतक अजय यादव का शव बुधवार की रात ही आ गया । स्वजन पैतृक आवास लाकर उच्च स्तरीय अधिकारियों के आने और हत्यारों का एनकाउंटर तथा इस जघन्य हत्याकांड दोषियों द्वारा अवैध कब्जा की गई सार्वजनिक जमीन को अतिक्रमण मुक्त करने की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष संन्तोष कुमार राय ने अंतिम संस्कार के लिए भरसक समझाने का प्रयास किया। लेकिन परिजन उच्चाधिकारियों के आने की मांग पर अड़ें रहे। थानाध्यक्ष की सूचना मिलने पर उप जिलाधिकारी डा0 हर्षिता तिवारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय वीरपुर मृतक के आवास पर पहुंच गये। अधिकारियों के पहुंचते ही मृतक अजय के परिवार की महिलाएं और पुरुष एक ही आवाज बोल रहे थे कि हत्यारों का एनकाउंटर किया जाए और इस हत्याकांड में सम्मिलित लोगों द्वारा गांव की सार्वजनिक जमीन पर किए गए अतिक्रमण को शीघ्र हटवाकर सार्वजनिक जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया जाय। एसडीएम डा0 हर्षिता तिवारी ने कहा कि उन्होंने तहसीलदार को इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक जमीन की भूमिका अतिक्रमण मुक्त करने का निर्देश दिया है। जिस भूखंड के मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं उसका भी निस्तारण शीघ्र कराकर विधिक कार्रवाई किया जाएगा क्षेत्राधिकारी सुधाकर पांडेय ने कहा कि पुलिस प्रशासन हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाने का प्रयास तेज कर दिया है । उन्होंने बताया कि अबतक सात संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया रही है और जिसकी इस हत्याकांड में जितनी संलिप्तता पाई जाएगी ,उसी के अनुसार विधिक कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने मृतक अजय यादव की स्वजन को भरोसा दिलाया की जो भी हत्या में शामिल होंगे उन्हें किसी भी कीमत में बक्सा नहीं जाएगा। चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। एसडीएम और सीओ द्वारा काफी समझाने बुझाने के बाद स्वजन मृतक अजय यादव के शव का अंतिम संस्कार करने की बात मान ली। आज लगभग 1.30 बजे गांव (वीरपुर) के गंगा श्मशानघाट पर अजय यादव का अंतिम संस्कार कर दिया गया ।

