बाइकों के आमने-सामने की टक्कर में तीन परीक्षार्थी समेत चार घायल

गाजीपुर। सैदपुर-सादात मार्ग पर स्थानीय बस स्टैंड के पास शुक्रवार की सुबह दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में हो गई। हादसे में एक ही बाइक पर सवार तीन परीक्षार्थियों सहित कुल चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों का अलग अलग निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया। जानकारी के अनुसार, वाराणसी के डुबकियां पहाड़िया निवासी प्रद्युम्न यादव अपनी बहन प्रतिमा यादव और चचेरी बहन सतिमा यादव को बाइक से लेकर सादात आ रहा था। यह तीनों सादात के मरदापुर स्थित कॉलेज में राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की परीक्षा देने के लिए जा रहे थे। इसी दरम्यान, सादात की तरफ से बुढ़नपुर निवासी 28 वर्षीय राहुल राम पुत्र सतीश राम अपनी बाइक से आ रहा था। संतुलन बिगड़ने के कारण वह जाकर सामने से आ रहे बाइक सवार प्रद्युम्न से टकरा गया। इस भिड़ंत में तीनों परीक्षार्थियों समेत सभी चार लोग चोटिल हो गए। वहीं बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। तीनों परीक्षार्थी को तत्काल नजदीक के निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उनकी मरहम-पट्टी की गई। इनमें प्रतिमा को मामूली चोट लगी। वहीं राहुल का थाना रोड पर स्थित निजी चिकित्सक के यहां उपचार कराया गया। सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन मौके पर पहुंच गए थे। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि उन्हें इस घटना के संबंध में कोई सूचना नहीं मिली है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version