गाज़ीपुर। सादात स्थानीय पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में वांछित अभियुक्त अशरफ अली को गिरफ्तार किया है। 20 वर्षीय अशरफ अली पुत्र सलामुल्ला, वार्ड संख्या 4, मुहल्ला गुरुसेवक नगर, कस्बा व थाना जंगीपुर का निवासी है। उसे मंगलवार को सादात स्टेशन के उत्तरी आउटर के निकट बैरियर के पास से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, यह मामला बीते 8 अप्रैल का है। उस दिन एक पिकअप गाड़ी में क्रूरता पूर्वक 11 पशुओं को भरकर ले जाया जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोवंश को बरामद किया था और एक गो तस्कर को मौके से गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, उस समय वाहन चालक सहित अन्य अभियुक्त फरार हो गए थे। उप निरीक्षक लाल बहादुर सिंह ने अपनी टीम के साथ विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना पर कार्रवाई की। इसी कार्रवाई के तहत गौ तस्करी में प्रयुक्त वाहन के चालक अशरफ अली को गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष पन्ने लाल यादव ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

