गाजीपुर में बड़ा हादसा, पानी भरे गड्ढे में पलटी निजी बस

गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के पखनपुरा ईदगाह के पास शुक्रवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गाजीपुर-बलिया नेशनल हाईवे 31 पर जाम से बचने की कोशिश में एक निजी बस करीब 30 फीट गहरे पानी से भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद शनिवार को भी राहत एवं तलाशी अभियान जारी रहा।जानकारी के अनुसार, बस शुक्रवार शाम करीब 5 बजे गाजीपुर रौजा बस स्टैंड से बलिया जिले के भरौली के लिए रवाना हुई थी। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाईवे पर भारी जाम लगा हुआ था, जिसके चलते चालक बस को पीछे कर दूसरे रास्ते से निकालने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बस का पिछला पहिया सड़क किनारे बने गहरे पानी भरे गड्ढे में चला गया और बस अनियंत्रित होकर पलट गई।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बस की खिड़कियां तोड़ीं और यात्रियों को बाहर निकालकर उनकी जान बचाई।हादसे में एक यात्री की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि लगभग दो दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।एक घायल यात्री ने आरोप लगाया कि बस चालक शराब के नशे में था, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।प्रशासन और स्थानीय गोताखोर शनिवार सुबह से लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं, क्योंकि एक व्यक्ति के अब भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version