गाजीपुर। चर्चित होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को मुख्य फरार आरोपी एवं एक लाख रुपये के इनामी शंकर पांडे के दो भाइयों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित पांडे (23) और सत्यप्रकाश पांडे उर्फ मुनि (20) के रूप में हुई है। दोनों को गाजीपुर घाट रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों गाजीपुर शहर के गौसाबाद मोहल्ले के निवासी हैं और विवेचना के दौरान उनके नाम सामने आने पर यह कार्रवाई की गई।
इससे पहले पुलिस शंकर पांडे के पिता रविशंकर पांडे को भी गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस का आरोप है कि रविशंकर पांडे हत्याकांड की साजिश में शामिल था।गौरतलब है कि 3 जून की रात इस मामले में एक लाख रुपये के इनामी आरोपी कमलेश बिंद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। अब तक इस हत्याकांड में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।पुलिस अब भी मुख्य आरोपी शंकर पांडे, आलोक दुबे और सोनू यादव की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। तीनों आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। उल्लेखनीय है कि 29 मई की रात होटल कारोबारी आलोक राय के पुत्र विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह होटल से घर लौट रहे थे, तभी हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने शंकर पांडे, कमलेश बिंद, आलोक दुबे और सोनू यादव समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।

