गाजीपुर। गाजीपुर-भरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर मुहम्मदाबाद क्षेत्र के बलुआ चकतरफिया गांव के पास सोमवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार लक्की गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी सत्यम कन्नौजिया गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। जानकारी के अनुसार, गौसपुर निवासी लक्की गुप्ता अपने साथी के साथ मुहम्मदाबाद से सामान खरीदकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एनएचएआई में कार्यरत एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लक्की के सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल सत्यम को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
लक्की चार भाइयों में सबसे बड़ा था और तीन दिन पहले ही 11वीं कक्षा में प्रवेश के लिए मुंबई से अपने गांव आया था। मृतक के दादा शिवपूजन गुप्ता ने बोलेरो चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

