बागवानी एवं सिंचाई योजनाओं की वार्षिक कार्ययोजना को लेकर बैठक, किसानों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के निर्देश

गाजीपुर, । रायफल क्लब सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में एकीकृत बागवानी विकास मिशन, मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना एवं प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना की वार्षिक कार्ययोजना को लेकर जिलास्तरीय क्रियान्वयन समिति की बैठक हुई।बैठक में जिला उद्यान अधिकारी ने योजनाओं के तहत पिछले वर्ष पूर्ण कराए गए कार्यों तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्राप्त लक्ष्यों की जानकारी दी। एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत नवीन उद्यान रोपण, शाकभाजी, पुष्प, प्याज-लहसुन, मधुमक्खी पालन, घेराबंदी, इको लाइट ट्रैप एवं मचान कार्यक्रम के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।वहीं मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना के तहत फल एवं सब्जी क्षेत्र विस्तार, प्याज व पुष्प उत्पादन, मचान, घेराबंदी, मधुमक्खी पालन, वर्मी बेड तथा इको लाइट ट्रैप के लिए भी लक्ष्य प्राप्त हुए हैं। योजनाओं का लाभ प्रथम आवक-प्रथम पावक के आधार पर दिया जाएगा तथा किसी लाभार्थी की पुनरावृत्ति नहीं की जाएगी।प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत ड्रिप, मिनी स्प्रिंकलर, माइक्रो स्प्रिंकलर, पोर्टेबल स्प्रिंकलर एवं रेनगन स्प्रिंकलर के माध्यम से सिंचाई सुविधाओं के विस्तार का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित किया जाए तथा शासन एवं निदेशालय से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जाए।बैठक में वरिष्ठ कोषाधिकारी मंगलेश सिंह, जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार, जिला गन्ना अधिकारी अंगद प्रसाद सिंह, कृषि वैज्ञानिक डॉ. ओमकार सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य महेश सिंह सहित समिति के सदस्य एवं प्रगतिशील कृषक अनूप राय, विजयानन्द राय और वीरेन्द्र कुमार राय मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version