होटल बिंदु के बाहर सनसनीखेज हत्याकांड: होटल मालिक के बेटे की गोली मारकर हत्या

गाजीपुर। शहर के चर्चित बिंदु होटल के मालिक आलोक राय के बड़े बेटे विनीत राय उर्फ हनी राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। देर रात होटल के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और होटल में हुई मारपीट का मामला बताया जा रहा है। फिलहाल मामले में एसपी ने चार टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दरअसल गाजीपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र के गौसाबाद में उस वक्त सनसनी फैल गई। जब चर्चित बिंदु होटल के मालिक आलोक राय के बड़े बेटे विनीत राय उर्फ हनी राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि देर रात दो बाइक पर सवार चार बदमाश होटल पहुंचे और स्टाफ से बीयर की मांग करने लगे। इसी दौरान विनीत राय होटल से बाहर निकले।तभी बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही विनीत राय जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई बताया जा रहा है कि हत्या की वजह करीब ढाई साल पुरानी रंजिश है। फरवरी 2024 में बिंदु होटल में मारपीट और तोड़फोड़ की घटना हुई थी। जिसका सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ था। उसी मामले को लेकर विवाद लगातार चल रहा था। मृतक के परिजनों ने शंकर पांडेय समेत तीन अन्य लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। बिहार समेत आसपास के जिलों में दबिश दी जा रही है। एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है। आरोपियों की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है और जल्द गिरफ्तारी कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version