गाजीपुर में दिनदहाड़े वारदात: 10वीं के छात्र पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला

रेवतीपुर/गाजीपुर। पुरानी रंजिश के चलते 10वीं कक्षा के एक छात्र पर छह नकाबपोश युवकों ने चाकुओं से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।जानकारी के अनुसार, गगरन गांव निवासी 15 वर्षीय अरुण पाल नहर के किनारे भेड़ चरा रहा था। तभी दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे छह नकाबपोश युवकों ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने चाकू से कई वार किए, जिससे अरुण गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ जमीन पर गिर पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल छात्र को पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि छात्र की पीठ पर तीन गहरे चाकू के घाव हैं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।घायल के बड़े भाई यशवंत पाल ने बताया कि कुछ दिन पहले अरुण के दोस्तों का आरोपियों से विवाद हुआ था। हमलावरों को शक था कि अरुण भी उस घटना में शामिल था, जबकि उसका उससे कोई संबंध नहीं था। इस मामले में परिजनों ने दो नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष धीरेंद्र सोनकर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version