गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद में मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) के युक्तिकरण एवं सम्भाजन के सम्बन्ध में कलेक्ट्रेट कक्ष सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सम्भाजन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने पर बल दिया। उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नए मतदेय स्थलों के निर्धारण में मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी मतदाता को अपने बूथ तक पहुँचने में अनावश्यक दूरी न तय करनी पड़े। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में उपस्थित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को सत्यापन के पश्चात परिवर्तन से संबंधित मतदेय स्थलों की सूची उपलब्ध कराते हुए आग्रह किया कि वे अपने-अपने स्तर पर मतदेय स्थलों की सूची का भली-भांति अवलोकन कर लें। यदि कहीं कोई विसंगति, भवन की जर्जर स्थिति या दूरी से सम्बंधित समस्या हो, तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया कि दिनांक 4-7-2026 को मतदेय स्थल सूची के आलेख का प्रकाशन किया जायेगा तदुपरान्त दिनांक 11-7-2026 तक माननीय पदाधिकारीगण अपना सुझाव एवं आपत्ति संबंधित उप जिला निर्वाचन अधिकारी अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में दे सकते है।
जिलाधिकारी ने कहा मतदान प्रक्रिया की शुचिता और सुगमता ही लोकतंत्र की बुनियाद है। मतदेय स्थलों का सम्भाजन इस प्रकार किया जा रहा है जिससे शत-प्रतिशत मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। बैठक में समाजवादी पार्टी के सचिव राजेश यादव द्वारा अनुरोध किया गया कि ऐसे विद्यालय जो छात्रों की कमी के कारण बंद हो गए हैं किंतु भवन सही अवस्था में है और वहां पर मतदेय स्थल पूर्व से स्थापित है तो उसे परिवर्तित ना किया जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी उपजिलाधिकारीयों को इसका संज्ञान में लिए जाने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी वेद सिंह चौहान समस्त उप जिलाधिकारी, जनपद के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि यथा राजन प्रजापति, कार्यालय मंत्री भाजपा, राजेश यादव, जिला सचिव सपा, श्री आदित्य कुशवाहा, जिला महासचिव एवं सुभाष राम सिपाही बसपा, रविकांत राय, सदस्य अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, जावेद अहमद जिला उपाध्यक्ष एवं नागेंद्र शर्मा आम आदमी पार्टी, निर्वाचन कार्यालय के देवी प्रसाद सिंह सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

