जीवन रक्षक फाउंडेशन ने 2600 से ज्यादा मरीजों को दिलाया रक्त

गाजीपुर। समाजसेवा, मानवता और निस्वार्थ सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही जीवन रक्षक फाउंडेशन गाजीपुर ने अपने निस्वार्थ सेवा कार्यों के सफलतापूर्वक 5 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। स्थापना दिवस के इस विशेष अवसर पर संस्था के रक्तवीर अध्यक्ष मनीष कुमार पाल, अंकित वर्मा एवं शुभम गुप्ता ने जिला चिकित्सालय गाजीपुर पहुंचकर 3 असहाय व जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया और समाज को मानवता का संदेश दिया। संस्था के संस्थापक शीर्ष दीप शर्मा ने बताया कि जीवन रक्षक फाउंडेशन की शुरुआत एक छोटे से प्रयास के रूप में हुई थी, लेकिन आज यह संस्था जिले में जरूरतमंदों के लिए उम्मीद और सहारा बन चुकी है। बीते 5 वर्षों में संस्था ने दिन-रात मेहनत करते हुए 2600 से अधिक असहाय एवं जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया है। साथ ही गाजीपुर के बाहर अन्य जनपदों व प्रदेशों में सहयोगी संस्थाओं के माध्यम से भी रक्त मुहैया करा कर सहायता की गई। जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकी है। संस्था के अध्यक्ष मनीष कुमार पाल ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि जब किसी मरीज को समय पर रक्त नहीं मिल पाता, तब उसके परिजनों की पीड़ा को समझना बहुत जरूरी होता है। इसी सोच के साथ संस्था लगातार लोगों तक मदद पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी की जिंदगी बचा सकता है। उन्होंने बताया कि जीवन रक्षक फाउंडेशन केवल रक्तदान तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्था द्वारा समय-समय पर वृक्षारोपण अभियान, घायल एवं बीमार पशु-पक्षियों को चिकित्सकीय सहायता एवं भोजन उपलब्ध कराना, सर्दियों के मौसम में संस्था द्वारा गरीब एवं जरूरतमंदों को कंबल वितरण आदि सेवा कार्य किया जाता है। जिससे बेसहारा लोगों को ठंड से राहत मिल सके। संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करना है। संस्थापक शीर्ष दीप शर्मा ने बताया कि आने वाले समय में जीवन रक्षक फाउंडेशन और अधिक बड़े स्तर पर सेवा कार्य करने की योजना बना रही है, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जा सके। संस्था का लक्ष्य केवल रक्त उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज में इंसानियत और सेवा की भावना को जीवित रखना है। पांच वर्षों की इस यात्रा में संस्था को जिले के लोगों, समाजसेवियों और युवाओं का भरपूर सहयोग मिला है। संस्था के पदाधिकारियों ने सभी सहयोगियों, रक्तदाताओं और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास से ही यह सेवा अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है।मानवता की सेवा को अपना धर्म मानकर कार्य कर रही जीवन रक्षक फाउंडेशन गाजीपुर आज जिले में एक ऐसी पहचान बन चुकी है, जो जरूरत पड़ने पर जरूरतमंदों व असहायों के साथ खड़ी दिखाई देती है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version