सादात थाना क्षेत्र के मलौरा गांव में एक विवाहिता की शुक्रवार को संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मृतका की मां की तहरीर पर पति समेत सास, ससुर और देवर के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ढाका निवासी विनोद राम की पुत्री सोनी (25) ने लगभग डेढ़ साल पहले सादात थाना क्षेत्र के मलौरा निवासी रामपत राजभर के पुत्र नितेश राजभर से प्रेम विवाह किया था। इससे सोनी के परिजन नाराज थे। वर्तमान समय पति नितेश राजभर मुंबई में रहकर काम धंधा करता है।शुक्रवार को सोनी के मायके वालों को सूचना मिली कि उसने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया है। मायके वाले जब मौके पर पहुंचे, तो पता चला कि सोनी को सैदपुर सीएचसी ले जाया गया था, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर सदर अस्पताल पहुंचे मकदमपुर चौकी प्रभारी पुनीत कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मायके वालों ने बताया कि घटना से एक दिन पहले भी दोनों के बीच फोन पर काफी कहासुनी हुई थी। उधर सास ससुर का कहना है कि वह खेत पर गेहूं काटने गए थे, तभी सोनी ने फोन करके खुद बताया कि उसने जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया है।सादात एसओ पन्नेलाल यादव ने बताया कि मृतका की मां इंदु देवी की तहरीर पर मृतका के पति नितेश राजभर, सास राधिका देवी, ससुर राजपत राजभर और देवर राहुल राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

