गाजीपुर के कपिल देव राम को बड़ी जिम्मेदारी, बिहार के राज्य निदेशक व सेंट्रल जोन के रीजनल डायरेक्टर बने

गाजीपुर। मेरा युवा भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) गाजीपुर के तत्कालीन उपनिदेशक कपिल देव राम के बिहार प्रदेश के राज्य निदेशक तथा सेंट्रल जोन (उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश) के रीजनल डायरेक्टर नियुक्त होने के उपलक्ष्य में रविवार को विकास भवन सभागार, गाजीपुर में जनपद के युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा भव्य सम्मान एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उन्हें पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान से अभिभूत कपिल देव राम ने कहा कि गाजीपुर उनके लिए केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक परिवार है। यहां के युवाओं का स्नेह, विश्वास और सहयोग उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने अपने कार्यकाल की सभी उपलब्धियों का श्रेय पूरी टीम, स्वयंसेवकों एवं जनपद की युवा शक्ति को देते हुए कहा कि किसी भी संस्था की सफलता सामूहिक प्रयास, पारदर्शिता और सेवा भावना से ही संभव होती है। उन्होंने कहा कि बिहार प्रदेश के राज्य निदेशक एवं उत्तर प्रदेशदृमध्य प्रदेश के रीजनल डायरेक्टर के रूप में मिली नई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ा दायित्व भी है। वे युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, कौशल विकास, नेतृत्व विकास एवं जनभागीदारी से जोड़ने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गाजीपुर की युवा शक्ति भविष्य में भी समाज और राष्ट्रहित के कार्यों में अपनी सक्रिय एवं अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी। कार्यक्रम का शुभारंभ मेरा युवा भारत गाजीपुर के लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक सुभाष चंद्र प्रसाद के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि  कपिल देव ने अपने कार्यकाल में टीम भावना, पारदर्शिता एवं समन्वय को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी। उनका सरल, सहज और कर्मनिष्ठ व्यक्तित्व प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने कहा कि गाजीपुर की युवा शक्ति सदैव रचनात्मक गतिविधियों में अग्रणी रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी युवाओं के सहयोग से मेरा युवा भारत के उद्देश्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा। अपने संबोधन में सरोज कुमार राय ने कहा कि कपिल देव राम ने केवल पद की जिम्मेदारी नहीं निभाई, बल्कि अपनी कार्यशैली, ईमानदारी और नेतृत्व क्षमता से उस पद की गरिमा को नई पहचान दी है। आर सेटी के पूर्व निदेशक विनोद शर्मा ने कहा कि कपिल देव के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों ने युवाओं को नई दिशा प्रदान की। उनकी कार्यशैली अनुशासन, पारदर्शिता एवं नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण रही है। इस अवसर पर प्रसिद्ध लोकगायक सूबेदार स्नेही, राजन पंडित एवं जावेद खान ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर समारोह को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की। समारोह में कमरुद्दीन पूर्व अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति, राघवेंद्र कुशवाहा, हरेंद्र कुशवाहा पूर्व प्रधान, पंकज सिंह टाइगर, पंकज सिंह यादव पूर्व अध्यक्ष, प्रधान संघ, सुमन बिंद जिला मंत्री, भाजपा, नन्हे सिंह बासूचक, कमलेश प्रकाश सिंह, अमरनाथ तिवारी साहित्य चेतना समाज, रमेश सिंह चौहान सदस्य, एनवाईवी चयन समिति, पारसनाथ यादव, विजय बहादुर, राजकुमार पांडे, गुप्तेश्वर सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं युवाओं ने श्री कपिल देव राम के व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता एवं संगठन निर्माण में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अंगद सिंह यादव ने किया, जबकि अंत में लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक नवीन सिंह ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं  जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version