गाजीपुर में बड़ा सड़क हादसा टला, अनियंत्रित पिकअप पलटी

गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के शिशुआपार स्थित अमरहिया कुटी के पास शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। वाराणसी से सब्जी लादकर जखनियां जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में पिकअप चालक विक्की साहू भाग्यशाली रहा और उसे गंभीर चोटें नहीं आईं। हालांकि, गाड़ी पलटने से उस पर लदी भारी मात्रा में सब्जियां सड़क और उसके आसपास बिखर गईं।चालक विक्की साहू ने बताया कि वह पिकअप लेकर वाराणसी से आ रहा था। तभी अचानक गाड़ी की स्टेयरिंग फेल हो गई। रफ्तार तेज होने के कारण पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क के दाहिनी तरफ गड्ढे में पलटी और फिर से घूमकर विपरीत दिशा में ही दोबारा सीधी खड़ी हो गई। गनीमत रही कि उस वक्त सड़क पर कोई दूसरी गाड़ी या राहगीर मौजूद नहीं था, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी। चालक का निजी चिकित्सक के यहां मरहम पट्टी कराया गया। पिकअप पर लदी सब्जियां जखनियां के व्यापारी सुरेन्द्र गुप्ता की थीं। वह वाराणसी के चनुआ सट्टी और पहाड़िया सट्टी से सब्जी खरीदकर जखनियां मंडी ले जा रहे थे। हादसे की आवाज सुनकर मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बिखरी हुई सब्जियों को समेटा और दूसरी गाड़ी का इंतजाम कर उसे जखनियां के लिए रवाना कराया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version