गाजीपुर पुलिस की बड़ी सफलता, हत्या के मामले का इनामी आरोपी मुठभेड़ के बाद दबोचा

गाजीपुर। शादियाबाद थाना क्षेत्र के बसेवां गांव निवासी दासु बनवासी हत्याकांड में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी नगीना बनवासी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।बुधवार देर रात सैदपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार अपनी टीम के साथ भीतरी बाजार क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दासु बनवासी हत्याकांड का वांछित आरोपी नगीना बनवासी अवैध असलहे के साथ सिकंदरपुर-बबुरहनी मार्ग से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी को अवगत कराया गया और गांगी नदी पुल के पास घेराबंदी की गई।

कुछ देर बाद आरोपी पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली उसके दाहिने पैर में लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सैदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।गौरतलब है कि 10 फरवरी को गांगी नदी के पुराने पुल के पास बसेवां गांव निवासी 40 वर्षीय दासु बनवासी का शव बरामद हुआ था। जांच में गमछे से गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। इस मामले में नगीना बनवासी फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किया है। क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने मुठभेड़ में शामिल प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सहित पूरी पुलिस टीम की सराहना की।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version