मरदह बाजार में दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से बच्चे की मौत

गाजीपुर के मरदह बाजार में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई। आर्यन यादव निवासी चवरा बिहरा थाना बिरनो अपने मामा-मामी के साथ बाजार में सामान खरीदने आया था। इसी दौरान मरदह-कासिमाबाद मार्ग स्थित तिराहे पर पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल आर्यन को तत्काल मऊ जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर अतिक्रमण और अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों के कारण यह हादसा हुआ। इससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

दुर्घटना के बाद गैस सिलेंडर लदे ट्रक को छोड़कर भाग रहे चालक प्रदीप कुमार निवासी बहरी बड़ागांव, वाराणसी को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाकर मरदह सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय गाजीपुर रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मरदह-कासिमाबाद तिराहे पर सड़क किनारे ठेले, दुकानें और बेतरतीब खड़े वाहन हमेशा जाम की स्थिति पैदा करते हैं। प्रशासन द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के कारण यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version