गाजीपुर के मुहम्मदाबाद में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना मनिया मोड़ के पास गाजीपुर-मुहम्मदाबाद-भरौली राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर हुई। बताया जा रहा है कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, इसी दौरान एक कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बरेसर थाना क्षेत्र के रसूलपुर निवासी 36 वर्षीय रमेश यादव के रूप में हुई है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


