गाजीपुर में 49 गैंगों का जाल, 401 अपराधी पुलिस के रडार पर

गाजीपुर। होटल व्यवसायी विनीत राय हत्याकांड के बाद शुरू किए गए “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत गाजीपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र में सक्रिय “हंटर गैंग” का खुलासा करते हुए पुलिस ने गैंग लीडर समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण के निर्देश पर गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली और वाराणसी में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से सक्रिय आपराधिक और दबंग प्रवृत्ति के गैंगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के अनुसार, गाजीपुर में अब तक 49 गैंग चिन्हित किए गए हैं, जिनमें कटरा गैंग, महाकाल गैंग, फरसा गैंग, 315 गैंग सहित कई अन्य समूह शामिल हैं। इन गैंगों से जुड़े 401 लोगों की पहचान की गई है। अब तक 39 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और कार्रवाई लगातार जारी है।जांच के दौरान दुल्लहपुर पुलिस को “हंटर गैंग” के बारे में जानकारी मिली। आरोप है कि गैंग सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को जोड़कर क्षेत्र में अपना प्रभाव और दहशत कायम करने का प्रयास कर रहा था। गैंग के सदस्य लोगों के साथ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, गैंग का संचालन संतोष राजभर कर रहा था। उसके साथ भोलू विश्वकर्मा, भोलू पांडेय, अमन यादव और पिंटू यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन वज्रपात के तहत ऐसे सभी गैंगों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version