गाजीपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), गाजीपुर के प्रधानाचार्य ने बताया कि जनपद की कासिमाबाद तहसील अंतर्गत जहूराबाद में सत्र 2026 से नए राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का संचालन शुरू किया गया है।संस्थान में फिटर, विद्युत (इलेक्ट्रीशियन), मैकेनिक आरएसी, COPA, मशीनिस्ट, वेल्डर तथा इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक सहित विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश दिए जाएंगे। व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग तथा राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, लखनऊ के निर्देशानुसार प्रवेश सत्र 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 जुलाई से शुरू हो चुकी है, जो 4 अगस्त 2026 तक चलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।आवेदन शुल्क सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए ₹300, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के लिए ₹250 तथा सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए ₹100 निर्धारित किया गया है। ऑनलाइन आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर उसे सुधारने के लिए 48 घंटे का समय भी दिया जाएगा। प्रधानाचार्य ने सभी इच्छुक युवाओं से समय रहते आवेदन कर कौशल आधारित प्रशिक्षण का लाभ उठाने की अपील की है।

