गाजीपुर। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के राजभाषा विभाग द्वारा नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), गाजीपुर को वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान राजभाषा हिंदी के उत्कृष्ट, प्रभावी और सराहनीय कार्यान्वयन के लिए प्रशंसनीय श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह गौरवपूर्ण पुरस्कार मुंबई में आयोजित हिंदी दिवस एवं राष्ट्रीय राजभाषा सम्मेलन के भव्य समारोह के दौरान प्रदान किया गया। गाजीपुर स्थित विभिन्न केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, बैंकों तथा उपक्रमों में राजभाषा हिंदी के प्रसार, पत्राचार, डिजिटल माध्यमों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने और नियमित बैठकों व कार्यशालाओं के सफल आयोजन के आधार पर नराकास, गाजीपुर को यह राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि हासिल हुई है। इस अवसर पर नराकास, गाजीपुर के अध्यक्ष श्री विनय शंकर जी ने समिति के सभी सदस्य कार्यालयों, संस्थानों के प्रमुखों और राजभाषा अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा यह पुरस्कार नराकास गाजीपुर से जुड़े सभी सदस्य कार्यालयों की निष्ठा, सतत प्रयास और सामूहिक योगदान का परिणाम है। यह सम्मान हमें भविष्य में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और प्रशासनिक कार्यों में इसके शत-प्रतिशत प्रयोग के लिए और अधिक ऊर्जा व प्रेरणा प्रदान करेगा। नराकास, गाजीपुर भविष्य में भी राजभाषा के उत्तरोत्तर विकास और इसके सुगम प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए नई कार्ययोजनाओं के साथ निरंतर कार्य करती रहेगी।


