एक लाख का इनामी शूटर बनारसी यादव एसटीएफ मुठभेड़ में ढेर, 166 दिन से था फरार

वाराणसी: सारनाथ के कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या के मामले में वांछित एक लाख रुपये के इनामी शूटर बनारसी यादव को मंगलवार रात एसटीएफ ने मुठभेड़ में मार गिराया। यह कार्रवाई चौबेपुर थाना क्षेत्र के नारियासनपुर (बारियासनपुर) रिंग रोड के पास की गई। मौके से दो पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं।

बनारसी यादव गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र स्थित गौरहट गांव का निवासी था। उसके खिलाफ वाराणसी, गाजीपुर, सोनभद्र समेत विभिन्न जनपदों में 24 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। इनमें सबसे चर्चित मामला 21 अगस्त का है, जब सिंहपुर क्षेत्र में बाइक सवार तीन शूटरों ने कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

हत्या के बाद से ही बनारसी यादव फरार चल रहा था और उसकी तलाश में कमिश्नरेट पुलिस व एसटीएफ लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 4 जनवरी को गाजीपुर निवासी एक अन्य शूटर अरविंद यादव उर्फ फौजी को सारनाथ पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था।

मंगलवार को एसटीएफ वाराणसी इकाई को सूचना मिली कि बनारसी यादव गाजीपुर–वाराणसी हाईवे के रास्ते कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बनारसी यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से घायल हो गया और मौके पर अचेत हो गया।

एसटीएफ की टीम ने उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version