गाजीपुर। बिरनो पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 700 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई सोमवार को वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर गन्नापुर प्राथमिक विद्यालय के पास की गई।थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार यादव ने बताया कि पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि गन्नापुर प्राथमिक विद्यालय के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों युवक भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 700 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इंद्रजीत विश्वकर्मा निवासी अरशदपुर थाना जंगीपुर तथा अरशद जमाल उर्फ मेराज निवासी जंगीपुर नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल भी बरामद कर जब्त कर ली है।गौरतलब है कि इससे पहले भी बिरनो पुलिस ने मीरपुर पुलिया के पास छह तस्करों को गिरफ्तार कर 300 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगना और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।

