गाजीपुर। शहर के महुआबाग स्थित श्री स्वीट्स हाउस मिठाई की दुकान से खरीदी गई मिठाई खाने के बाद एक बच्चे की तबीयत बिगड़ने की शिकायत सामने आई है। परिजनों ने मामले की शिकायत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन से की, जिसके बाद विभाग ने संबंधित मिठाई का सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया है।शिकायतकर्ता अरुण यादव का कहना है कि मिठाई का स्वाद असामान्य लगा और बच्चे की तबीयत खराब होने पर उन्होंने पहले दुकान पर शिकायत की। बाद में खाद्य विभाग को इसकी सूचना दी गई। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन रमेश चंद्र पांडेय ने बताया कि मिठाई का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।वहीं, दुकान संचालक सौरभ जायसवाल ने कहा कि लैब की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

