गाजीपुर। विनीत राय हत्याकांड के आरोपी कमलेश बिंद के पुलिस एनकाउंटर को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद ने गाजीपुर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।डॉ. संजय निषाद ने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती और यदि कमलेश बिंद किसी अपराध में शामिल था तो उसे कानून के तहत न्यायालय से सजा दिलाई जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि विनीत राय हत्याकांड में कमलेश बिंद मुख्य आरोपी नहीं था। यदि एनकाउंटर करना ही था तो मुख्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए थी।
मंत्री ने कहा कि वह गाजीपुर पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन को चुनौती देते हुए कहा कि यदि कार्रवाई पूरी तरह सही है तो मामले के मुख्य आरोपियों पर भी वैसी ही कार्रवाई करके दिखाई जाए।संजय निषाद ने एनकाउंटर को लेकर कई सवाल भी उठाए। उन्होंने कहा कि कमलेश बिंद की पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही यह भी पूछा कि आरोपी को न्यायालय में आत्मसमर्पण का अवसर क्यों नहीं मिला। उन्होंने खुफिया तंत्र की भूमिका, विरोध प्रदर्शन की आशंका के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था तथा शव यात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती पर भी सवाल खड़े किए।
गौरतलब है कि विनीत राय हत्याकांड के आरोपी कमलेश बिंद की हाल ही में पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी। इसके बाद मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है।

