गाजीपुर। आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने एवं देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न विद्यालयों, विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय मिर्जापुर, शिक्षा क्षेत्र सैदपुर के छात्र-छात्राओं द्वारा तिरंगा राखी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया। विद्यालय के बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए आकर्षक तिरंगा राखियों का निर्माण किया। बच्चों द्वारा निर्मित तिरंगा राखियों को क्षेत्राधिकारी, सैदपुर को भेंट किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन करते हुए हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया। इसी प्रकार कंपोजिट विद्यालय गठिया मोहम्मदाबाद में भी छात्र-छात्राओं द्वारा राखी प्रतियोगिता एवं कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़- चढ़कर प्रतिभाग करते हुए तिरंगे के विभिन्न स्वरूपों को अपनी कला एवं रचनात्मकता के माध्यम से प्रस्तुत किया। बच्चों ने चित्रकला, रंग संयोजन तथा तिरंगा आधारित राखियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। बहरूल ओलूम ओरिएंटल कॉलेज, बहरियाबाद (गाज़ीपुर) में धूमधाम से ‘‘हर घर तिरंगा‘‘ अभियान का आग़ाज़ किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त अध्यापकगण और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और देश के प्रति अपनी निष्ठा व प्रेम का परिचय दिया।विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को याद दिलाया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक कपड़ा नहीं, बल्कि हमारे देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह इसका सम्मान करे और देश की एकता व अखंडता को बनाए रखे।सभी लोगों ने मिलजुलकर देश के प्रति अपनी निष्ठा व प्रेम का परिचय दिया। जनपद के समस्त विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों में भी हर घर तिरंगा कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गयी। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा ग्राम पंचायत स्तर पर ग्रामीणों द्वारा कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की गयी। इन आयोजनों के माध्यम से नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा राष्ट्रध्वज के सम्मान एवं गरिमा को बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य केवल घर-घर तिरंगा फहराना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं गौरव की भावना को और मजबूत करना है। बच्चों की रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से इस अभियान को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास किया गया, जिससे उनमें देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो। जनपद में आयोजित इन कार्यक्रमों से वातावरण में देशभक्ति का उत्साह है। विद्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रीय पर्व के रूप में उत्साह और गरिमा के साथ मनाने का संदेश दिया गया।


