गाजीपुर। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति के उपाध्यक्ष संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
इस दौरान सीएससी निर्माण की भौतिक प्रगति, 15वें वित्त आयोग एवं राज्य वित्त आयोग से संबंधित भुगतान की स्थिति, पंचायत सचिवालय/जन सुविधा केंद्रों की स्थापना एवं संचालन, सामुदायिक शौचालयों के संचालन तथा ग्राम पंचायतों में निर्मित आरआरसी सेंटर की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि ग्राम पंचायतों में स्थापित आरआरसी सेंटर और सामुदायिक शौचालयों को आपस में समन्वय स्थापित कर नियमित एवं प्रभावी रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए इन केंद्रों का शत-प्रतिशत संचालन आवश्यक है। बंद पड़े सामुदायिक शौचालयों के मामलों में संबंधित केयरटेकर का मानदेय बाधित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि 15वें वित्त आयोग एवं राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत भुगतान की प्रगति 98 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है। शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही पंचायत सचिवालय एवं जन सुविधा केंद्रों को सुचारू रूप से संचालित कराने पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अलावा विकास खंड की ग्राम पंचायतों में स्थित उन तालाबों का चिन्हीकरण करने के निर्देश दिए गए, जिनमें नालों का गंदा पानी प्रवाहित हो रहा है। ऐसे तालाबों की स्वच्छता एवं निस्तारण के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया। बैठक में स्वच्छता से संबंधित सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने पर विशेष बल दिया गया।




