प्रख्यात बांसुरी वादक स्व. आर. पी. वर्मा की स्मृति में संगीतमय श्रद्धांजलि
सांस्कृतिक व सामाजिक प्रतिभाएं हुईं सम्मानित
गोरखपुर। आकाशवाणी के प्रख्यात बांसुरी वादक एवं सुप्रसिद्ध संगीतकार स्वर्गीय आर. पी. वर्मा की पुण्य स्मृति में स्वर सागर संस्था द्वारा “स्वरांजलि” कार्यक्रम का भव्य आयोजन गोरखपुर स्थित गीता मैरेज हॉल में किया गया। यह संगीतमय संध्या शास्त्रीय संगीत, भक्ति, ग़ज़ल एवं लोक-संस्कृति की मनोहारी प्रस्तुतियों से सराबोर रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं शिष्यों द्वारा प्रस्तुत गुरु वंदना से हुआ। संस्था की सचिव एवं कार्यक्रम संयोजक सुनिशा श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए राग भीमपलासी पर आधारित भजन तथा ग़ज़ल “हर एक हुसैन आईना लगे हैं मुझे” की भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।
इसके बाद स्वर सागर संगीत विद्यालय के छात्र-छात्राओं — वैभव, शिवांश, अंश, समीर जायसवाल, श्रेयांशी, सत्यभामा, प्रार्थना, अनुराधा, जूही एवं अनुपमा — ने राग यमन, भैरवी एवं दरबारी के छोटे ख़याल और तराना प्रस्तुत कर दर्शकों की भरपूर तालियां बटोरीं।

कथक नृत्य की छात्राएं किशोरी श्रीवास्तव, सुनिधि श्रीवास्तव एवं इशिका सिंह ने मनमोहक प्रस्तुति दी। “ऐसी लागी लगन” भजन पर भावपूर्ण नृत्य ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
संगीत प्रस्तुतियों के क्रम में ऋतिक श्रीवास्तव ने “राम-राम है मन में बसी”, ईशान खरे ने ग़ज़ल, प्रभात मिश्रा ने “क्या दिल की बात कहूँ”, विशाल श्रीवास्तव ने “मैं हूँ तो तुम हो” तथा चन्द्रमोहन श्रीवास्तव ने ग़ज़ल गायन से कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
लोकगीतों की प्रस्तुति चंद्रभान यादव, श्यामसुंदर श्रीवास्तव एवं रोहित व्यास द्वारा दी गई, जिसे श्रोताओं ने खूब पसंद किया। वहीं नगर के वरिष्ठ कलाकार अखिलेश सिंह, गुलाब तिवारी एवं रामदास शर्मा ने अपनी सशक्त प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर स्वर सागर संस्था के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं — अंतरराष्ट्रीय बाल व्यास श्वेतिमा माधव प्रिया, आनंदमय श्रीवास्तव एवं समीर जायसवाल, जिन्होंने देश-विदेश में संस्था का नाम रोशन किया है, उन्हें आर. पी. वर्मा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए अनु सिंह, जितेंद्र, नरेंद्र कुमार कृष्णा, कुलदीप पाण्डेय एवं पूजा गुप्ता को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सहजनवा विधायक प्रदीप शुक्ला, डॉ. सत्या पाण्डेय, धराधाम विश्व सद्भाव पीठ के प्रमुख संत डॉ. सौरभ पाण्डेय, डॉ. राकेश श्रीवास्तव (अंतरराष्ट्रीय लोक गायक), डॉ. विनय श्रीवास्तव (वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर) सहित अनेक गणमान्य अतिथि एवं बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन गोरख पाण्डेय ने किया।



