स्वामी सहजानंद सरस्वती के आदर्शों को अपनाने का लें संकल्प -जगतगुरू स्वामी अनंन्तानंद सरस्वती

गाजीपुर। किसान आंदोलन के प्रणेता एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वामी सहजानंद सरस्वती की 76 वीं पुण्यतिथि शुक्रवार को उनके जन्मस्थल देवा गांव में श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में सामाजिक, राजनीतिक एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग शामिल हुए और उनके प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का शुभारंभ राजगुरु मठ वाराणसी के0पीठाधिश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अनंन्ता दास महाराज द्वारा स्वामी सहजानंद सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में स्वामी अनंन्तानंद महाराज ने कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों, गरीबों और शोषित वर्ग के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। उनका त्याग, बलिदान, राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम का संचालन सुरेश राय ने किया। उन्होंने उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी को अपने विचार रखने का अवसर दिया। इस दौरान भाजपा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पारस राय ने कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती के महान व्यक्तित्व और कृतित्व का वर्णन कुछ शब्दों में संभव नहीं है। उन्होंने किसानों को संगठित कर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ी और समाज में नई चेतना का संचार किया। इस अवसर पर वरिष्ठ लेखक डा0 आलोक कुमार राय द्वारा लिखित पुस्तक “किसान आंदोलन और स्वामी सहजानंद सरस्वती” का विधिवत विमोचन भी किया गया। उपस्थित अतिथियों ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह कृति स्वामी सहजानंद सरस्वती के विचारों, किसान आंदोलनों में उनके योगदान तथा उनके संघर्षपूर्ण जीवन को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सभा को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने भी स्वामी सहजानंद सरस्वती के संघर्षपूर्ण जीवन, किसान आंदोलन में उनके योगदान तथा देश के प्रति उनके समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डाला। सभी वक्ताओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया।इस अवसर पर राजेश राय बागी, आलोक राय,डा0 अलका राय, डा0 रवींद्र राय, शादा राय, रमेश्वर पांडे, सुरेश राय, कृष्णानंद राय, राजेश शंकर, देवा ग्राम सभा के प्रधान प्रतिनिधि दीपक चौरसिया, शहीद, अरविंद राय,मनोज यादव, लक्ष्मण सिंह, सर्वण सिंह, गुलाब कुशवाहा, संजय चौबे अनिल कुमार पांडे सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन स्वामी सहजानंद सरस्वती के जयघोष के साथ हुआ। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों ने प्रसाद ग्रहण किया और उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version