गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अवगत कराया है कि महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश द्वारा सितंबर 2026 में शिक्षक संकुल बैठकों के आयोजन के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के अनुसार प्रदेश के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों की शिक्षक संकुल बैठक 15 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी। जारी निर्देश के अनुसार बैठक का आयोजन अपराह्न 1:30 बजे से 3:00 बजे के मध्य किया जाएगा। बैठक में शिक्षक संकुल स्तर पर एजेंडा आधारित गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को शैक्षिक नवाचारों, प्रभावी शिक्षण पद्धतियों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से संबंधित विषयों पर चर्चा और अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा। बैठक के प्रमुख एजेंडे में हाउस पॉइंट कार्ड (HPC) से संबंधित गतिविधियां, निपुण लक्ष्य एवं आईईसी शिक्षण सामग्री का कक्षा शिक्षण में उपयोग, शिक्षण अधिगम सामग्री (TLM) की आवश्यकता एवं प्रदर्शन, बालवाटिका में शैक्षिक गतिविधियां तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में आईसीटी एवं स्मार्ट क्लास का प्रभावी उपयोग शामिल है। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में उपलब्ध खेल सामग्री एवं स्पोर्टस ग्रांट के उपयोग पर भी चर्चा की जाएगी। शिक्षकों को खेल गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने, खेल प्रतिभाओं की पहचान करने तथा खेल सामग्री के प्रभावी उपयोग के संबंध में अनुभव साझा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा द्वारा खण्ड शिक्षा अधिकारियों शिक्षक संकुल बैठकों के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक तैयारी करने तथा बैठक के उपरांत संबंधित सूचना प्रेरणा ऐप पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। शिक्षा विभाग का उद्देश्य शिक्षक संकुल बैठकों के माध्यम से शिक्षकों के बीच शैक्षिक अनुभवों का आदान- प्रदान, नवाचारों को बढ़ावा देना और विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को प्रभावी बनाना है।


