गाजीपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मछली बाजार स्थित गुदड़ी में शुक्रवार शाम करीब 4:45 बजे जर्जर मकान का बारजा अचानक टूटने से करीब 40 वर्षीय महिला सायरा बानो की मौत हो गई। हादसे के समय वह मकान की ऊपरी मंजिल पर कपड़े डालने गई थीं।जानकारी के अनुसार, कपड़े डालने के बाद सायरा बानो स्टूल लेकर पुराने बारजे पर बैठ गईं। इसी दौरान अचानक बारजा टूट गया और वह करीब दो मंजिल की ऊंचाई से नीचे गिर गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बारजा टूटने और महिला के नीचे गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।बताया गया कि सायरा बानो के पति सऊदी अरब में रहते हैं। वह अपने तीन बच्चों—7 वर्षीय बेलाल खान, 6 वर्षीय साइस्ता परवीन और 3 वर्षीय इल्मा परवीन के साथ रहती थीं। वह गृहिणी थीं और तीनों बच्चे मदरसा दिनिया में पढ़ते हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुराने और जर्जर मकानों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि जर्जर इमारतों और उनके कमजोर हिस्सों की समय पर मरम्मत व सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।


