गाजीपुर में पहले दिन नकलविहीन संपन्न हुई यूपीटीईटी-2026 परीक्षा, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता यू0पी0टेट-2026 की लिखित परीक्षा को नकल विहीन, शांतिपूर्ण, निर्विघ्न एवं सकुशल संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से आज प्रथम दिन दिनांक 02 जुलाई, 2026 को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ0 ईरज राजा द्वारा संयुक्त रूप से जनपद मे बनाये गये  विभिन्न परीक्षा केन्द्रो का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा तथा परीक्षा संचालन से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान स्वामी सहजानन्द स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पीरनगर, गाजीपुर तथा लुदर्स कॉन्वेंट बालिका इंटर कॉलेज, गाजीपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच के उपरांत ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश सुनिश्चित कराया जाए तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना प्रत्येक केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी है। यदि किसी भी परीक्षा केंद्र से नकल अथवा अन्य अनियमितता की सूचना प्राप्त होती है तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा के दौरान सतत निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की शिकायत पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।जनपद में यू0पी0टेट-2026 के लिए कुल 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के प्रथम दिवस दोनों पालियों की लिखित परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। प्रथम पाली में 7,392 अभ्यर्थियों में से 841 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में  7,392 अभ्यर्थियों में से 770 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा को शान्तिपूर्ण कराने के लिए  06 जोनल मजिस्ट्रेट, 18 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 18 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके अतिरिक्त पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं उड़न दस्तों को भी सक्रिय रखा गया, जिन्होंने लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version