नमाज़ के बाद बच्चों को टॉफी बांटकर दी बकरीद की मुबारकबाद, प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की

गाज़ीपुर। बकरीद का पर्व रविवार 28 मई को पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। जनपद की 350 मस्जिदों और 150 ईदगाहों सहित कुल 550 स्थानों पर सरकारी गाइडलाइन के अनुसार नमाज़ अदा की गई। प्रशासन और पुलिस की कड़ी निगरानी में कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई। शहर के सबसे बड़े मुख्य ईदगाह पर डीएम अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा स्वयं मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने नमाज़ के बाद बच्चों को टॉफियां वितरित कर बकरीद की शुभकामनाएं दीं और लोगों से भाईचारे एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उल्लेखनीय है कि इस त्यौहार के मद्देनजर पिछले दिनों पुलिस और प्रशासन पीस कमेटी की बैठक और जनपद के हर भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाल कर लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से बकरीद मनाने की अपील कर रखा था, बिजली के साथ साफ सफाई के इंतजाम पुख्ता दिखे, सड़क पर नमाज और खुले में कुर्बानी नहीं हुई जिसको लेकर पुलिस प्रशासन विशेष सतर्क था कि आवागमन न बाधित हो।गाजीपुर डीएम अनुपम शुक्ला ने कहा कि जनपद में सभी स्थानों पर नमाज़ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है। उन्होंने सभी नागरिकों को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता शांति और सौहार्द बनाए रखना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति माहौल खराब करने या कानून-व्यवस्था में बाधा डालने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि जनपद के सभी 26 थाना क्षेत्रों में स्थित प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज़ सकुशल संपन्न हुई। त्योहार के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी। उन्होंने कहा कि कहीं भी सड़कों पर नमाज़ नहीं पढ़ी गई और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही। इसके लिए यातायात पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई थी ताकि नमाज़ियों और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। एसपी ने लोगों से एकबार फिर अपील की कि कुर्बानी खुले में न करें और अवशेषों का उचित निस्तारण करें, जिससे किसी की भावनाएं आहत न हों। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। कुल मिलाकर गाज़ीपुर में बकरीद का त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के माहौल में सकुशल संपन्न हुआ।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version