गाजीपुर। करंडा थाना क्षेत्र से एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ। जिसने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। स्कूल जाने की तैयारी कर रहे मासूम भाई-बहन कुछ ही पलों में हमेशा के लिए दुनिया छोड़ गए। तीन साल का भाई नदी में डूबने लगा तो पांच साल की बहन उसे बचाने के लिए बिना अपनी जान की परवाह किए पानी में कूद गई। लेकिन दोनों ही मासूम नदी की गहराई में समा गए। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। दरअसल करंडा थाना क्षेत्र के माहेपुर गांव के पास बहने वाली गांगी नदी शुक्रवार सुबह उस समय मौत का मंजर बन गई। जब तीन वर्षीय कृष्णा और उसकी पांच वर्षीय बहन प्रिया की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बच्चे गांव के प्राथमिक विद्यालय जाने के लिए तैयार हुए थे। इसी दौरान वे अपने बाबा रामअवध बिन्द को खोजते-खोजते नदी किनारे पहुंच गए। ग्रामीणों के मुताबिक नदी किनारे खेलते समय तीन वर्षीय कृष्णा का पैर फिसल गया और वह पानी में डूबने लगा। अपने छोटे भाई को मौत से जूझता देख पांच वर्षीय प्रिया ने बिना एक पल गंवाए नदी में छलांग लगा दी। लेकिन भाई को बचाने की उसकी मासूम कोशिश दोनों की जिंदगी पर भारी पड़ गई और देखते ही देखते दोनों नदी में समा गए। नदी के दूसरी ओर बैठे एक व्यक्ति ने पूरी घटना देखी और जोर-जोर से शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को बाहर निकालकर तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक बच्चों के पिता संतोष बिन्द मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे के बाद मां हेमंती, पिता संतोष बिन्द और बाबा रामअवध बिन्द का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर से सुबह बच्चों के स्कूल जाने की तैयारी हो रही थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम का माहौल है। पूरे माहेपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही करंडा थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

