गाजीपुर। भांवरकोल पुलिस ने मुखविंर की सूचना पर बीरपुर में हुए अजय यादव की हत्याकांड से संबंधित दो आरोपियों में नवीन चौधरी और सुशील चौधरी निवासी बीरपुर को गुरुवार को सुबह पलिया गंगा घाट के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया ।जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गौरतलब है कि वीरपुर निवासी अजय यादव को गत 24 जून को दिन में लाठी डंडे व धारदार हथियार से गंभीर रूप से चोटिलकर उस समय मौत के घाट उतार दिया गया था, जब वह खाना लेकर साइकिल से अपने डेरा पर जा रहे थे। इस संबंध में मृतक अजय यादव के पिता श्रीकांत यादव ने गांव व अन्य गांवों के कुल 11 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध बलवा एवं हत्या का मामला दर्ज कराया था। अभियोग पंजीकृत करने के बाद पुलिस इस मामले में अपनी कार्रवाई तेज की और इस हत्याकांड के नामजद चार अपचारियों को गिरफ्तार कर पुलिस पहले ही विधिक कार्रवाई करते हुए किशोर गृह भेज भेज चुकी है। इस सम्बन्ध में थानाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा ने बताया की अजय हत्याकांड से संबंधित वीरपुर निवासी नवीन चौधरी और सुशील चौधरी वांछित थे । मुखबिर से प्राप्त सूचना की पुष्टि होने पर हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया, जो गंगा पार कर बिहार की सीमा में प्रवेश करने की फिराक में थे। बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को क विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया । जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

