गाजीपुर। चर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या की साजिश से जुड़े एक अहम आरोपी रविशंकर उर्फ रविशेखर पांडे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रविशंकर, इस मामले के मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये के इनामी शंकर पांडे का पिता है।पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान उसके खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले थे। इसी आधार पर कोतवाली थाना में दर्ज मुकदमा संख्या 0365/2026 में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गुरुवार को 56 वर्षीय रविशंकर पांडे को गाजीपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि उससे मिली जानकारी के आधार पर हत्या की साजिश और मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
गौरतलब है कि 29 मई 2026 को होटल कारोबारी विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। जांच के दौरान रविशंकर पांडे का नाम भी सामने आया, जिसके बाद उसकी गिरफ्तारी की गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रविशंकर पांडे का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह पश्चिम बंगाल की दमदम सेंट्रल जेल में एनडीपीएस एक्ट के तहत 15 वर्ष की सजा काट चुका है। जनवरी 2024 में जेल से रिहा होने के बाद अब उसका नाम विनीत राय हत्याकांड में सामने आया है।कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की आगे की जांच और विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

