गाजीपुर में 26 वर्षीय युवक की मौत से सनसनी, घर से 200 मीटर दूर मिला शव

गाजीपुर। बरेसर थाना क्षेत्र के सिपाही गांव में शुक्रवार देर रात 26 वर्षीय युवक की मौत से सनसनी फैल गई। युवक का शव घर से करीब 200 मीटर दूर नहर के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। उसकी गर्दन पर गहरे जख्म के निशान पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मृतक की पहचान सिपाही गांव निवासी प्रमोद राजभर (26) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रमोद शुक्रवार शाम जहूराबाद बाजार से सब्जी लेकर करीब रात 8 बजे घर लौटा था।

कुछ देर बाद वह घर से बाहर चला गया। खाना खाने के समय तक उसके वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच प्रमोद के भाई प्रदीप ने उसके मोबाइल पर फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे खोजते हुए घर के पास नहर की सड़क की ओर पहुंचे। वहां प्रमोद का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। गर्दन पर गहरे जख्म देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।सूचना पर सीओ सुधाकर पांडेय, बरेसर थाना प्रभारी ओमप्रकाश तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

प्रमोद अविवाहित था और ट्रेलर चलाकर परिवार का सहयोग करता था। उसके पिता रविंद्र राजभर खेती करते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने जहूराबाद-बाराचवर मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया।घटना के बाद मृतक की मां सुशीला देवी, पिता रविंद्र राजभर और भाई प्रदीप राजभर का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटना के कारणों और पूरे मामले की जांच में जुटी है। सीओ सुधाकर पांडेय ने बताया कि अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version